भारत माता के जयघोष से गूंजा नगर
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वाह। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) जिला खरगोन, इकाई बड़वाह द्वारा शनिवार को भव्य तिरंगा वाहन यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में 200 से अधिक वाहनों के साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में नजर आया।
यात्रा का शुभारंभ जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, बड़वाह से हुआ। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयघोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से यात्रा निकाली। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। यात्रा के दौरान “भारत माता की जय” के नारों से नगर गूंज उठा। अभाविप बड़वाह भाग संयोजक क्रिश धाकसे प्रमुख रूप से यात्रा में उपस्थित रहे। नगर मंत्री रिशु यादव ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति समर्पण की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से तिरंगा वाहन यात्रा आयोजित की गई। यात्रा में नगर इकाई के कार्यकर्ता आयुष हिरवे, नैतिक शर्मा, चेतन, युवराज , तनिष्क वर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 200 से अधिक वाहनों के साथ निकली इस भव्य यात्रा ने बड़वाह में स्वतंत्रता दिवस के उत्साह को और बढ़ा दिया। यात्रा का समापन बस स्टेशन पर किया गया।

