शनिवार, 10 अक्टूबर, 2026
क्राइम • गुरुवार, 27 अगस्त, 2026

बड़ी ख़बर: हथकड़ी समेत आरोपी बाइक से कूदकर फरार, दो आरक्षक घायल

इम्तियाज खान 7089020186
संपादक / रिपोर्टरइम्तियाज खान 7089020186

केंद्रीय जेल से करीब 500 मीटर पहले लोक सेवा केंद्र के सामने घटना; गिरने से दोनों जवान घायल, पुलिस ने तलाश के लिए टीमें लगाईं

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। जिला मुख्यालय पर गुरुवार को पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया। जुलवानिया थाने से गिरफ्तार आरोपी शुभम पिता सुभाष मानकर (22), निवासी जुलवानिया को एसडीएम न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल बड़वानी दाखिल कराने ले जा रहे दो पुलिस जवानों को चकमा देकर आरोपी रास्ते में बाइक से कूदकर फरार हो गया। घटना केंद्रीय जेल से करीब 500 मीटर पहले लोक सेवा केंद्र के सामने मुख्य मार्ग पर हुई। आरोपी के भागने के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे दोनों आरक्षक घायल हो गए।

एसडीएम के आदेश पर जेल ले जा रहे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार आरोपी शुभम को धारा 170 बीएनएसएस के तहत जुलवानिया थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। एसडीएम के आदेश के बाद आरोपी को केंद्रीय जेल बड़वानी में दाखिल कराने के लिए दो पुलिस जवान बाइक से लेकर रवाना हुए थे। जेल से करीब 500 मीटर पहले शिवशंकर होटल के सामने अचानक आरोपी बाइक से कूद गया और मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी हुई थी, जबकि हथकड़ी का दूसरा सिरा आरक्षक के कमर के बेल्ट से अटैच था। आरोपी के अचानक कूदने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पुलिस जवान सड़क पर गिर गए।

हथकड़ी लेकर ही भाग निकला आरोपी

बाइक से गिरने के बाद दोनों आरक्षक कुछ संभल पाते, इससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी हथकड़ी भी अपने साथ ले गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने घायल पुलिस जवानों को संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

दोनों आरक्षक जिला अस्पताल में भर्ती

हादसे में आरक्षक वीरेन्द्र सिंह बालके के सिर में चोट आई, जबकि आरक्षक सुनील के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

पुलिस ने तलाश के लिए लगाईं टीमें

पुलिस के अनुसार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के संबंध में अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश के साथ नाकाबंदी भी की जा रही है।

जेल से चंद दूरी पर फरारी ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

जिला मुख्यालय पर केंद्रीय जेल से महज करीब 500 मीटर पहले आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जेल दाखिल कराने से ठीक पहले आरोपी के बाइक से कूदकर भागने से पुलिस की अभिरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस की टीमें फरार आरोपी शुभम की तलाश में जुटी।

प्राथमिक उपचार के बाद जांच जारी
डॉ. वैभव गुप्ता, जिला अस्पताल बड़वानी ने बताया कि दुर्घटना के बाद दो पुलिस जवानों को अस्पताल लाया गया था। दोनों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। आरक्षक सुनील के हाथ और कंधे पर चोट है, जबकि आरक्षक वीरेंद्र के चेहरे और सिर पर चोट आई है।
डॉ. गुप्ता के अनुसार दोनों जवान जुलवानिया से आए हैं। फिलहाल दोनों की स्थिति ऐसी नहीं है कि उन्हें तत्काल रेफर किया जाए। आवश्यक जांच के लिए एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चोटों की स्थिति और आगे के उपचार को लेकर स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। दोनों फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

एएसपी बोले—आगे विशेष ध्यान रखेंगे
एडिशनल एसपी धीरज बब्बर ने कहा, “कई बार बाइक पर भी आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाता है। आज की घटना अचानक हुई है। आगे ऐसी घटना न हो, इसका विशेष तौर पर ध्यान रखा जाएगा। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।”

IMG 20260827 WA0061

IMG 20260827 WA0059

IMG 20260827 WA0057

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook