शनिवार, 10 अक्टूबर, 2026
देश • शनिवार, 29 अगस्त, 2026

पार्क में घूमने आए लोग, जगह-जगह दिखे सांप; डरकर बंद कराया गेट

इम्तियाज खान 7089020186
संपादक / रिपोर्टरइम्तियाज खान 7089020186

जगह-जगह से निकलते सांपों के वीडियो से दहशत; खुली बाउंड्री और अंधेरे पर उठे सवाल

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। शहर के मध्य स्थित नगरपालिका के प्रमुख पार्क लाडली बहना वाटिका (पूर्व नाम जॉगर्स पार्क) में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब टहल रहे लोगों के पैरों के पास अचानक सांप आ गया। इसके बाद पार्क के अलग-अलग हिस्सों में छोटे-बड़े सांप दिखाई दिए। लोगों ने सांपों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किए, जिससे पार्क की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई। स्थानीय लोगों के अनुसार एक ही दिन में करीब एक दर्जन सांप दिखाई दिए। घटना के बाद नगरपालिका में नेता प्रतिपक्ष एवं वार्ड क्रमांक 9 के पार्षद राकेश सिंह जाधव सहित स्थानीय लोगों ने एहतियात के तौर पर पार्क की लाइट बंद कर गेट बंद कराया। साथ ही नागरिकों से फिलहाल पार्क में टहलने नहीं आने की अपील की गई।

खुली बाउंड्री से हो रही सांपों की एंट्री

राकेश सिंह जाधव के अनुसार पार्क के पीछे नाले की ओर बाउंड्री वॉल नहीं होने से सांपों के साथ आवारा कुत्ते और मवेशी भी आसानी से पार्क में प्रवेश कर रहे हैं। पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से शाम के समय खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने पार्क में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और नशा करने की शिकायतें भी की हैं।

रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं पार्क

लाडली बहना वाटिका में सुबह करीब 150 से 200 और शाम को 200 से 250 लोग टहलने पहुंचते हैं। ऐसे में जहरीले सांपों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी गंभीर चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि किसी बच्चे, बुजुर्ग या महिला के साथ हादसा होने से पहले नगरपालिका को व्यवस्था सुधारनी चाहिए।

बाउंड्री वॉल और रोशनी की मांग

नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने नगरपालिका प्रशासन से पार्क के पीछे तत्काल बाउंड्री वॉल बनाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, गेट व्यवस्थित करने और नियमित साफ-सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केवल पार्क का नाम बदलना पर्याप्त नहीं है, बल्कि नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना भी नगरपालिका की जिम्मेदारी है।

img 20260829 wa0028850922343372260767
यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook