शनिवार, 10 अक्टूबर, 2026
क्राइम • शुक्रवार, 11 सितंबर, 2026

बोरपड़ावा के जंगलों में गांजे की खेती का बड़ा खुलासा, 6,185 पौधे जब्त

इम्तियाज खान 7089020186
संपादक / रिपोर्टरइम्तियाज खान 7089020186



ड्रोन से सघन सर्चिंग के बाद पुलिस की चार टीमों ने चार खेतों पर दी दबिश; 10 क्विंटल 71 किलो गांजा बरामद, कीमत ₹50 से ₹52 लाख

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच वरला थाना पुलिस ने गांजे की अवैध खेती का बड़ा खुलासा किया है। ग्राम बोरपड़ावा के जंगलों में चार खेतों से कुल 6,185 गांजे के पौधे जब्त किए गए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 10 क्विंटल 71 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत ₹50 से ₹52 लाख है।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल द्वारा शुक्रवार सुबह 11 बजे एसपी कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया गया। कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोरपड़ावा के जंगलों में खेतों में अवैध रूप से गांजे की फसल उगाई गई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और तत्काल पुलिस बल रवाना किया गया।

ड्रोन से जंगलों में सर्चिंग, चार खेत किए चिन्हित

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने पिकअप वाहन को करीब तीन किलोमीटर दूर खड़ा कर जंगल क्षेत्र में पहुंचकर सघन सर्चिंग की। इसके साथ ही ड्रोन की मदद से भी खेतों की निगरानी और सर्चिंग की गई। इस दौरान चार अलग-अलग खेतों में गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर विधिवत कार्रवाई करते हुए पौधे जब्त किए।

मामला वन क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने खेतों की टोपोग्राफी एवं उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित खेतों को चिन्हित किया है। आरोपियों की जानकारी रिकॉर्ड के आधार पर अलग से जुटाई जा रही है और विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

चार प्रकरण दर्ज, लाखों की फसल जब्त

पुलिस के अनुसार कार्रवाई में चार अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें अपराध क्रमांक 219/2026, 220/2026, 221/2026 और 222/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। जब्त गांजे के पौधों की अनुमानित कीमत ₹50 से ₹52 लाख बताई गई है। पुलिस ने बताया कि पूर्व में भी मिली सूचनाओं के आधार पर अवैध गांजे की फसलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। अब इस मामले में खेत मालिकों एवं संबंधित लोगों की जानकारी जुटाकर तस्करों और आरोपियों तक पहुंचने की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने टीम की कार्रवाई को सराहा

कार्रवाई में वरला थाना प्रभारी निरीक्षक नारायण रावत, थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौहान, उनि. महेंद्रसिंह चौहान, उनि. सीएल चौहान, उनि. संजीव पाटिल, उनि. स्वदेश कुमारावत, उनि. रमेशचन्द्र सावले, एसडीओपी गुजरा बारिया, एसडीओपी शिवराम चौहान सहित वरला, सेंधवा ग्रामीण एवं पुलिस लाइन बड़वानी के बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook