बुधवार, 7 अक्टूबर, 2026
खरगोन • रविवार, 4 अक्टूबर, 2026

बड़वाह-सनावद की प्रमुख खबरें

सागर जाट 8319794486
संपादक / रिपोर्टरसागर जाट 8319794486

रफ्तार के शौकीनों पर बरसेगा लेजर का कहर

शहर में अब 30 km/h से ऊपर जाते ही कटेगा चालान

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वाह। अगर आप भी बड़वाह की सड़कों पर गाड़ियाँ सरपट दौड़ाने के मुरीद हैं, तो ज़रा संभल जाइए! अब आपकी गाड़ी का एक्सीलेटर दबाते ही सीधे ट्रैफिक पुलिस की ‘तीसरी आँख’ आप पर टिक जाएगी। शहर में बेलगाम दौड़ते वाहनों पर लगाम कसने के लिए बड़वाह ट्रैफिक पुलिस के हाथ एक नया ‘ब्रह्मास्त्र’ लग गया है—हाई-टेक लेजर स्पीड डिटेक्टर!
लेजर से नहीं बच पाएगी गाड़ी, दूर से ही पकड़ी जाएगी स्पीड –
इंदौर-इच्छापुर मार्ग पर हर दिन बढ़ते हादसों और ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए पुलिस अब एक्शन मोड में आ चुकी है। पुलिस को मिली नई लेजर स्पीड डिटेक्टर मशीन इतनी हाइटेक है कि आपकी गाड़ी पुलिस के पास पहुँचने से बहुत पहले ही दूर से उसकी स्पीड दर्ज कर लेगी। शहर और मुख्य मार्गों के लिए 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार तय की गई है। जैसे ही आपकी गाड़ी की सुई 30 के पार पहुँची, मशीन में आपकी स्पीड रिकॉर्ड होगी और तुरंत चालान हाथ में थमा दिया जाएगा!

सड़कों पर दौड़ता ‘कंट्रोल रूम,, मिला नया निरीक्षण वाहन

सिर्फ स्पीड डिटेक्टर ही नहीं, बड़वाह पुलिस के बेड़े में आधुनिक संसाधनों से लैस एक नया पुलिस निरीक्षण वाहन भी शामिल हो गया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर आशा यादव और उनकी टीम खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा, एडिशनल एसपी शकुंतला रोहल और एसडीओपी अर्चना रावत के मार्गदर्शन में इंदौर-इच्छापुर मार्ग से लेकर शहर की गलियों तक सख्त चौकसी रख रही है।

नेताओं की पहल से बदला शहर का ट्रैफिक मिजाज

सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और नपा अध्यक्ष राकेश गुप्ता के साझा प्रयासों से बड़वाह पुलिस को यह आधुनिक सौगात मिली है। अब न कोई सिफारिश काम आएगी और न ही कोई बहाना। ‘सुरक्षित चलें, धीरे चलें’—बड़वाह ट्रैफिक पुलिस का यह संदेश अब सड़कों पर साफ दिखाई देगा। तो अगली बार जब बड़वाह की सड़कों पर निकलें, तो ध्यान रखें… नज़र हटी, स्पीड बढ़ी, और चालान कटा!

img 20261003 wa00366207337747192811925

जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी

अधिकारियों ने बताई जनहितैषी योजनाएं, हितग्राहियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वाह। सेवा संकल्प आयोजन के तहत ग्राम पंचायत नांदिया में दोपहर 12 बजे से जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शासन की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्रता, योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी ली और अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर पूर्व सरपंच शंकर सिंह परिहार,ग्रामीण मंडल उपाध्यक्ष डॉ. एन.एस.सोलंकी, वरिष्ठ नेता गुलवीर सिंह भाटिया, बीआर सांवले सहित अन्य अतिथियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उनके माध्यम से आमजन को मिल रहे लाभों की जानकारी दी।

हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र

शिविर के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

जन समस्या निवारण शिविर में एसडीएम सत्यनारायण दर्रे, तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर, सीईओ मुकेश जैन, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रेवाराम वर्मा, बीआरसी मेवाराम बर्मन, प्राचार्य डॉ. परवेज विजयवर्गीय, एचआर कडोले सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।कार्यक्रम का संचालन पंचायत सचिव राजेंद्र मकवाने ने किया तथा आभार जनपद पंचायत सीईओ मुकेश जैन ने माना।

img 20261004 wa00031599077008390254182

शासकीय कन्या शाला में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन

स्वतंत्र लोकतंत्र। सनावद। लायंस क्लब सनावद स्नेह द्वारा मनाए जा रहे सेवा सप्ताह के द्वितीय दिवस शासकीय कन्या शाला में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। क्लब की एलसीआईएफ डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लायन अनिता जैन ने बताया कि शिविर में लगभग दो सौ छात्राओं के स्वास्थ्य, नेत्रों और दांतों की जांच की गई। डॉ.हंसा पाटीदार एवं दंत चिकित्सक डॉ.मोना अग्रवाल एवं धर्मज नेत्रालय के दृष्टिमितिज्ञ राम पुनासिया ने छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की और बीमारियों से बचाव,सावधानी तथा स्वस्थ रहने की जानकारी दी। डॉ.पाटीदार ने छात्राओं को गुड टच,बेड टच की जानकारी दी। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष भागचंद जैन ने स्कूल की प्रतिभाशाली छात्रा रानू दांगोड़े की स्कूल फीस भरी और छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस दौरान क्लब के उपाध्यक्ष  विपिन गुप्ता, अनिल अरझरे, रजनीशजैन, हेमंत दातार, माया मंडलोई, प्राचार्य दुर्गाराम मुछाला, शिक्षिका तृष्णा तोमर, लता गुप्ता, नेहा गुप्ता, स्वास्थ्यकर्मी सहित बड़ी संख्या में छात्राएं एवं शिक्षक उपस्थित थे।

img 20261004 wa00066320803565509546993
यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook