शुक्रवार, 9 अक्टूबर, 2026
देश • गुरुवार, 10 सितंबर, 2026

पोल खड़ा किया बिजली का, नीचे से फूट पड़ा पानी! नगर पालिका और बिजली विभाग के ‘अनोखे समन्वय’ से जलमग्न हुई सड़क

इम्तियाज खान 7089020186
संपादक / रिपोर्टरइम्तियाज खान 7089020186

रानीपुरा में पेयजल लाइन के ऊपर खड़ा किया विद्युत पोल; सप्लाई शुरू होते ही सड़क पर बहने लगा पानी, नलों में नहीं पहुंचा पर्याप्त पानी

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। शहर के रानीपुरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह बिजली और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी अजीब स्थिति सामने आई। बिजली कंपनी द्वारा लगाए गए नए विद्युत पोल की नींव से पेयजल सप्लाई शुरू होते ही पानी फूट पड़ा। देखते ही देखते पानी सड़क पर बहने लगा और गली में जल बहाव की स्थिति बन गई। मौके पर पानी बहने का वीडियो भी सामने आया है।

रहवासियों ने लगाया लापरवाही का आरोप
रहवासियों के अनुसार जिस स्थान पर विद्युत पोल खड़ा किया गया है, वहां से पेयजल लाइन गुजर रही है। पोल लगाने के दौरान इस बात का ध्यान नहीं रखा गया। गुरुवार सुबह क्षेत्र में पेयजल वितरण शुरू होते ही पोल के आसपास की जमीन से पानी निकलकर सड़क पर बहने लगा। इससे सड़क से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हुई और बड़ी मात्रा में पानी भी व्यर्थ बहता रहा। रहवासियों का कहना है कि एक ओर पोल की नींव से पानी सड़क पर बहता रहा, वहीं दूसरी ओर कई घरों के नलों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच सका। इससे पहले से पेयजल संकट झेल रहे लोगों की परेशानी और बढ़ गई। लोगों के मुताबिक रानीपुरा क्षेत्र में पिछले तीन-चार दिनों से पानी की समस्या बनी हुई है।

विभागीय समन्वय पर उठे सवाल
रहवासियों ने विद्युत पोल लगाने के कार्य की जांच कराने और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली पोल लगाने से पहले भूमिगत जल लाइनों की जानकारी लेना जरूरी है। यदि पोल की खुदाई के दौरान जल लाइन प्रभावित हुई है तो यह संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी को दर्शाता है।

अब स्थायी समाधान की उम्मीद
रहवासियों ने जिम्मेदार विभागों से पानी की बर्बादी रोकने के साथ क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समस्या का अस्थायी समाधान करने के बजाय यह सुनिश्चित किया जाए कि भविष्य में बिजली और पानी की लाइनों के कार्य के दौरान आपसी समन्वय बना रहे।

img 20260910 wa00563088076692918616142
यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook