सेवा सेतु शिविर में हितग्राहियों को मौके पर मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ, प्रमाण-पत्र वितरित; अधिकारियों ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। सुशासन को जमीन पर उतारने और शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक आसानी से पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार दोपहर नगर पालिका परिसर बड़वानी में ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्विनी निक्कू चौहान, उपाध्यक्ष सुभाष भावसार और सीएमओ सोनाली शर्मा सहित जिला प्रशासन, नगर पालिका प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
स्टॉल पर पहुंचकर देखी व्यवस्थाएं
शिविर के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। नागरिकों, महिलाओं और हितग्राहियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनी गईं। संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए गए।
मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में अलग-अलग शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर मौके पर ही लाभान्वित किया गया तथा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इससे हितग्राहियों को विभागीय कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
‘सरकार आपके द्वार’ का उद्देश्य
सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को आमजन के करीब पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। शिविर में अधिकारियों ने नागरिकों को पात्रता और योजनाओं से जुड़ी जानकारी दी, वहीं विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों के निराकरण की दिशा में भी कार्रवाई की गई।शिविर का उद्देश्य यही रहा कि पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे और सरकारी सेवाएं उसके दरवाजे तक पहुंचें। नगर पालिका परिसर में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक और हितग्राही पहुंचे।


