शनिवार, 10 अक्टूबर, 2026
देश • रविवार, 27 सितंबर, 2026

नगर पालिका का अंतिम अल्टीमेटम: सामान सड़क पर दिखा तो ज़ब्त, बार-बार नियम तोड़े तो दुकान का पट्टा रद्द

मनीष शर्मा 9826646557
संपादक / रिपोर्टरमनीष शर्मा 9826646557


नगर में अतिक्रमण पर नपा की सर्जिकल स्ट्राइक: एमजी रोड से इंदिरा मार्केट तक हड़कंप, अब सड़कों पर दौड़ेगा रिमूवल वाहन।

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वाह-(मनीष शर्मा)। शहर की सड़कों को जाम-मुक्त और सुगम बनाने के लिए नगर पालिका प्रशासन अब पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गया है। इंदौर-इच्छापुर मार्ग के चौड़ीकरण और नव-निर्मित इंदिरा मार्केट के शुरू होने के बावजूद, कई व्यापारी अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे हैं। बार-बार दी गई चेतावनियों को ठेंगा दिखाते हुए अपनी दुकानों का सामान तय सीमा से बाहर सड़कों पर सजाया जा रहा है। इसका खामियाजा आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम के रूप में आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
लेकिन अब नपा की सहनशीलता का बांध टूट चुका है! एमजी रोड, महेश्वर रोड, नर्मदा मार्ग और इंदिरा मार्केट में फैलते अतिक्रमण को रोकने के लिए नगर पालिका ने अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है।


सीएमओ का सीधा संदेश: “24 घंटे की मोहलत, फिर सीधी ज़ब्ती!”
शुक्रवार को लगातार मिल रही शिकायतों का संज्ञान लेते हुए नपा सीएमओ कुलदीप किंशुक ने भारी अमले के साथ एमजी रोड और प्रमुख बाजारों का तूफानी दौरा किया। सीएमओ ने व्यापारियों को सख्त लहजे में अंतिम चेतावनी देते हुए कहा:
“सभी व्यापारियों को सिर्फ 1 दिन (24 घंटे) का समय दिया जा रहा है। इसके बाद अगर किसी भी दुकान का सामान सड़क पर रखा मिला, तो उसे स्थाई रूप से जप्त कर लिया जाएगा। इसके बाद होने वाले नुकसान के जिम्मेदार केवल और केवल अतिक्रमणकारी व्यापारी खुद होंगे।”


इंदिरा मार्केट के व्यापारियों पर लटकी ‘पट्टा रद्द’ होने की तलवार
नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता और सीएमओ किंशुक ने नवनिर्मित इंदिरा मार्केट के व्यापारियों को कड़े शब्दों में हिदायत दी है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बार-बार चेतावनी के बावजूद सड़क पर सामान फैलाने वाले व्यापारियों का सामान तो जप्त होगा ही, साथ ही ‘बार-बार गलती करने वालों के दुकान का पट्टा अभिलेख (स्वामित्व) भी शून्य/रद्द’ कर दिया जाएगा।

सड़कों पर घूमेगा ‘रिमूवल वाहन’, नो-पार्किंग वाहनों पर भी गाज                                                                प्रशासनिक अमले ने शहरवासियों और व्यापारियों को सचेत किया है कि नगर में अब स्थाई रूप से रिमूवल वाहन गश्त करेगा।
सड़क पर अवैध रूप से सामान रखने वालों का ऑन-द-स्पॉट चालान काटा जाएगा। सड़कों और नो-पार्किंग जोन में बेतरतीब खड़े वाहनों को क्रेन से उठाकर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मौजूद रहा अमला
इस औचक निरीक्षण और चेतावनी अभियान के दौरान सीएमओ कुलदीप किंशुक के साथ नगर पालिका के इंजीनियर, दरोगा कैलाश जायसवाल, सुजल आदिवाल, एचओ देवेंद्र शर्मा, दीपेश शेखावत और हितेश चौहान सहित नपा का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

img 20260927 wa00018349831118741036950
यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook