लोकार्पण के बाद भी शुरू नहीं हुआ ई-लर्निंग सेंटर; प्राचार्य बोलीं—सुधार कार्य जारी, अनुमति के बाद मिलेगा 600 विद्यार्थियों को लाभ
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शा. स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी में सोमवार को ई-लर्निंग सेंटर को ऑनलाइन परीक्षा केंद्र के रूप में जल्द शुरू कराने की मांग को लेकर सोमवार को विद्यार्थियों ने कॉलेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना है कि केंद्र का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किए जाने के बावजूद अब तक ऑनलाइन परीक्षा की सुविधा शुरू नहीं हो सकी है।
छात्र नेता बादल गिरासे सहित ललित चौधरी, मोहनी रोमडे, हीरा बामनिया, मनीषा अलावे और शिवानी बड़ोलै ने बताया कि बड़वानी सहित खरगोन, झाबुआ और अलीराजपुर के विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ रहा है। इससे किराए और समय का अतिरिक्त भार उठाना पड़ता है। छात्रों ने केंद्र शुरू करने की लिखित समय-सीमा की मांग की है।
धरनास्थल पहुंचकर प्राचार्य ने विद्यार्थियों से चर्चा की
पीजी कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य धरनास्थल पहुंचीं और विद्यार्थियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि केंद्र का निरीक्षण हो चुका है और निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर किया जा रहा है। केंद्र में सीसीटीवी कैमरों की संख्या, शौचालय, एसी, विद्युत क्षमता, इंटरनेट, अग्निशामक यंत्र सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। प्राचार्य ने कहा कि सभी सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी होने के बाद कर्मचारी चयन मंडल की टीम दोबारा निरीक्षण करेगी। अंतिम अनुमति मिलने के बाद ही केंद्र शुरू होगा। केंद्र शुरू होने पर एक पाली में करीब 200 और प्रतिदिन लगभग 600 विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा की सुविधा मिल सकेगी।
टीम ने किया निरीक्षण-प्राचार्य

डॉ. वीना सत्य, प्राचार्य पीजी कॉलेज ने बताया कि कर्मचारी चयन मंडल की टीम प्राथमिक निरीक्षण कर चुकी है। निर्देशानुसार एसी, विद्युत क्षमता, सीसीटीवी और शौचालय संबंधी सुधार कार्य किए जा रहे हैं। एसी खरीदी की नोटशीट कलेक्टर एवं लोक निर्माण विभाग को भेजी गई है। सुधार कार्य पूर्ण होने के बाद दोबारा निरीक्षण होगा और अनुमति मिलने पर केंद्र पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। केंद्र शुरू होने पर प्रतिदिन करीब 600 विद्यार्थी परीक्षा दे सकेंगे।

