शनिवार, 10 अक्टूबर, 2026
देश • शनिवार, 29 अगस्त, 2026

त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, सेंधवा में शांति समिति की बैठक में दिए सख्त निर्देश

इम्तियाज खान 7089020186
संपादक / रिपोर्टरइम्तियाज खान 7089020186


शिव डोला, जन्माष्टमी और गोगा नवमी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन; डीजे की समय सीमा और ध्वनि स्तर का करना होगा पालन

स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। आगामी शिव डोला, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, गोगा नवमी सहित अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सेंधवा शहर परिसर में शांति समिति की विशेष बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में हुई बैठक में पुलिस, प्रशासन, नगर पालिका, विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में तहसीलदार हितेन्द्र भवसार, थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन जोशी सहित विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

डीजे को लेकर सख्त निर्देश
थाना प्रभारी ने कहा कि धार्मिक जुलूस और आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय और तय मापदंडों के अनुसार ही करना होगा। डीजे ट्रॉलियों एवं वाहनों के ऊपर चढ़ना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। आयोजकों को आयोजन से पहले बजाए जाने वाले गानों की पेन ड्राइव थाने में जमा कराने के निर्देश भी दिए गए।

सड़क, सफाई और बिजली व्यवस्था पर जोर
नगर पालिका को जुलूस एवं शिव डोला मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, सड़क के गड्ढों की मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को मार्ग में लटक रहे तारों को व्यवस्थित करने तथा झांकियों एवं डोले के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित नहीं करने की अपील की। त्योहारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और अनुशासन के साथ मनाने का संदेश दिया गया। बैठक के अंत में आयोजन समितियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पुलिस-प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook