31 जुलाई को भव्य शिव डोला जुलूस; जुलूस मार्ग पर दोपहिया-चारपहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित, पुलिस ने जारी की यातायात एडवाइजरी
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। जिला मुख्यालय पर 31 जुलाई 2026 को निकलने वाले भव्य शिव डोला जुलूस को लेकर बड़वानी पुलिस ने यातायात व्यवस्था का विशेष प्लान जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा तथा बैरिकेडिंग की गई है।
पाटी रोड से आने वालों के लिए यह रहेगा रास्ता
पाटी रोड/थाना पाटी की ओर से शहर में आने वाले वाहन सरस्वती विद्यालय के पास से डायवर्ट किए जाएंगे। वाहन साकेत कॉलोनी → चंचल चौराहा → पाला बाजार → मोटी माता मंदिर → कारंजा चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
बस स्टैंड से पाटी रोड जाने वालों का भी मार्ग बदला
बस स्टैंड अथवा शहर के मुख्य हिस्से से पाटी रोड की ओर जाने वाले वाहन कारंजा चौराहा से डायवर्ट होंगे। वाहन पाला बाजार → चंचल चौराहा → साकेत कॉलोनी → सरस्वती विद्यालय होते हुए पाटी रोड की ओर जा सकेंगे।
वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
पुलिस के अनुसार शिव डोला जुलूस के मार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्ग का ही उपयोग करें। आपात स्थिति में एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ता सुरक्षित रखा जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनावश्यक रूप से वाहन लेकर मुख्य बाजारों की ओर न निकलें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। शिव डोला देखने आने वाले श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए समय से पहले पहुंचें और अपने वाहन निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही खड़े करें।

