खंडवा स्थित पुश्तैनी घर से पुलिस ने दबोचा, फरारी के दौरान ले गया था हथकड़ी; दो आरक्षक भी हुए थे घायल
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। पुलिस अभिरक्षा से हथकड़ी सहित फरार हुए 2000 रुपए के इनामी आरोपी शुभम मानकर को बड़वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 27 अगस्त को दो आरक्षकों के साथ बाइक से केंद्रीय जेल बड़वानी ले जाते समय शिवशंकर होटल के सामने बाइक से कूदकर फरार हो गया था। इस दौरान बाइक गिरने से दोनों आरक्षकों को चोटें भी आई थीं।
पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन हवालात” के तहत पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी। घटना के अगले ही दिन आरोपी की गिरफ्तारी एवं सूचना देने पर 2000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
CCTV खंगाले, खंडवा में मिला सुराग
आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों ने लगातार CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी अपने पुश्तैनी घर खंडवा में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली बड़वानी पुलिस ने कोतवाली खंडवा पुलिस की मदद से आरोपी को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
भागते समय ले गया था हथकड़ी, बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शुभम पिता सुभाष मानकर (22), निवासी जुलवानिया है। आरोपी पुलिस अभिरक्षा से फरार होते समय हथकड़ी भी अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथकड़ी बरामद कर ली है। पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 262 BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी में थाना कोतवाली बड़वानी एवं खंडवा पुलिस की भूमिका रही।


