कोतवाली थाने में अनोखे अंदाज में मनाया रक्षाबंधन, 38 छात्राओं ने पुलिस स्टाफ को बांधी राखी
स्वतंत्र लोकतंत्र। बड़वानी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस और नन्हीं बच्चियों के बीच भाई-बहन के स्नेह एवं विश्वास का अनूठा रिश्ता देखने को मिला। 27 अगस्त को एक निजी स्कूल की 38 नन्ही छात्राओं ने थाना कोतवाली बड़वानी पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया।
छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधते हुए सुरक्षा, विश्वास और भाईचारे का संदेश दिया। इस दौरान थाना परिसर का माहौल भावनात्मक और आत्मीय नजर आया। पुलिस स्टाफ ने भी बच्चियों को स्नेह और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
बाल मित्र कक्ष का किया अवलोकन
रक्षाबंधन कार्यक्रम के साथ छात्राओं ने थाना कोतवाली परिसर में बनाए गए बाल मित्र कक्ष का भी अवलोकन किया। कक्ष में बनाए गए रंग-बिरंगे चित्रों और संदेशों के माध्यम से बच्चियों को पुलिस की भूमिका, सुरक्षा और सहायता के बारे में जानकारी मिली। बच्चियों ने जाना कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि हर व्यक्ति, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी तत्पर रहती है। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने बच्चियों से संवाद कर उन्हें किसी भी परेशानी अथवा असुरक्षा की स्थिति में बिना भय के पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
राखी बनी विश्वास की डोर
थाना प्रभारी निरीक्षक बलजीत सिंह बिसेन ने कहा कि राखी केवल एक धागा नहीं है, बल्कि यह विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसे अच्छे और सच्चे कर्मों से निभाना चाहिए। पुलिस का दायित्व है कि वह समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा और विश्वास को बनाए रखे। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, अपनत्व और सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।




